नीमच। जिले के कुमारिया विरान क्षेत्र में सार्वजनिक गली-नाली पर अतिक्रमण का मामला जिला जनसुनवाई में सामने आया है। क्षेत्र की निवासी कला पति राजु उर्फ राजेन्द्र सैनी ने जिला जनसुनवाई में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि पड़ोसी द्वारा अवैध निर्माण किए जाने से स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
आवेदन में बताया गया है कि उनके मकान के पीछे लगभग 4 फीट चौड़ी सार्वजनिक गली है, जिसमें नाली का निर्माण किया गया है। आरोप है कि लोकेश सैनी द्वारा उक्त गली और नाली पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण किया जा रहा है। साथ ही मकान की खिड़की के सामने लेट-बाथरूम बना दिए जाने से नाली बंद हो गई है, जिससे उसकी सफाई नहीं हो पा रही है।
पीड़िता के अनुसार नाली बंद होने से क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। दुर्गंध के कारण घर के कमरे में रहना भी कठिन हो गया है। कला ने यह भी बताया कि इस संबंध में पूर्व में आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं होने से उन्हें पुनः जनसुनवाई का सहारा लेना पड़ा।
पीड़िता ने मांग की है कि गली और नाली पर किए गए अतिक्रमण को हटवाकर गली को खुला रखा जाए, ताकि नाली की नियमित सफाई हो सके और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।