नीमच। ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही हर्षाेल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ज्ञानोदय ग्रुप की सभी संस्थाओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय बैंड द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया, इसके पश्चात ध्वजारोहण एवं विद्यार्थियों की आकर्षक परेड आयोजित की गई। सुबह से ही विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने स्वागत उद्बोधन में सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो हमें संविधान, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आंद्रे व्यागी (सीईओ), ज्ञानोदय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था और गणतंत्र का अर्थ है जनता द्वारा जनता का शासन। यह दिन न्याय, स्वतंत्रता और समानता जैसे मूल्यों की याद दिलाता है।
विशेष अतिथि डॉ. शुभ्रा तिवारी (स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्तमान को अपनाने और भविष्य के निर्माण का संदेश देता है। यह बड़े सपने देखने और ऊंचे लक्ष्य तय करने की स्वतंत्रता का प्रतीक है।
ज्ञानोदय ग्रुप के चेयरमैन अनिल चौरसिया ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस सहित अनेक महापुरुषों ने देश के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान दिया। डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान हमारे अधिकारों की रक्षा करता है और कर्तव्यों का मार्गदर्शन देता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, काव्य पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में ज्ञानोदय ग्रुप की सभी संस्थाओं के प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समृद्धि जैन, समृद्धि झंवर, अविराज चौधरी, दिव्यांशी माली, शिक्षक मयंक शर्मा एवं मरियम मालू द्वारा किया गया। विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। अंत में वाईस हेड बॉय अंकित थेपड़िया ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को मिठाई वितरण के साथ किया गया और विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहने का संदेश दिया।