नीमच। “सशक्त महिला ही सशक्त भारत की नींव है। देश के सर्वांगीण विकास के लिए महिला सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है, जिससे महिलाएं आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से स्वतंत्र एवं सक्षम बन सकें।” यह विचार नीमच नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में आयोजित वसंतोत्सव के अंतिम दिवस पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षित छात्राएं नगर एवं देश को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने में आगे आएं तथा स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद् मीना हरित ने कहा कि आज महिलाएं राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में बराबरी की भागीदार हैं। उन्होंने छात्राओं से पूर्ण ऊर्जा और उत्साह के साथ अध्ययन कर महाविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पुरस्कार विजेता छात्राओं को बधाई दी और उन्हें आगामी परीक्षाओं की तैयारी में जुटने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि युवा उत्सव की विभिन्न विधाओं में विजेता छात्राओं को दिए गए पुरस्कार स्व. निर्मला खंडेलवाल की स्मृति में महेश खंडेलवाल द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किए जाते हैं। वहीं, प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त छात्राओं को नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी जम्बुकुमार जैन द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। प्राचार्य डॉ. कालानी ने महेश खंडेलवाल एवं जम्बुकुमार जैन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
पुरस्कार वितरण समिति प्रभारी डॉ. आर.के. पेन्सिया ने बताया कि समारोह में 69 छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन प्रो. नेहा इंगले ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन वसंतोत्सव प्रभारी डॉ. बीना चौधरी द्वारा किया गया।