नीमच। राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत “माय भारत दृ माय वोट” थीम पर एक प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत, नीमच द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन स्थल गवर्नमेंट एक्सीलेंस हायर सेकेंडरी स्कूल, नीमच रहा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा 18$ प्रथम बार मतदाताओं को मताधिकार, चुनाव प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों और युवाओं को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं जिम्मेदार मतदान की जानकारी दी गई।
जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत पदयात्रा, मानव श्रृंखला, वोटिंग अवेयरनेस अभियान एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किए गए। पदयात्रा का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार व्यास द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय” और “माय भारत दृ माय वोट” जैसे नारों के माध्यम से जनमानस को मतदान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ललित कुमावत ने की। वहीं, हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं से लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाते हुए हस्ताक्षर करवाए गए।
कार्यक्रम में जतिन राणा, रुद्र बैरागी सहित अनेक युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि
“मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है और सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।”