नीमच। कलेक्टर चंद्रा ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे नीमच जिले के अंतर्गत किसी भी नगर पंचायत, नगर परिषद, नगरपालिका क्षेत्र एवं ग्राम पंचायत क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें।
कलेक्टर ने जारी अपील में कहा कि अवैध कॉलोनियों में आम नागरिकों को बिजली, पानी, सड़क, नाली, उद्यान, सफाई व्यवस्था एवं बैंक ऋण जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं, जिससे उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, सफाई व्यवस्था के अभाव में बीमारियों एवं संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है, जिसका सीधा प्रभाव नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ता है।
कलेक्टर चंद्रा ने बताया कि शासन के नियमों एवं निर्देशों के अनुसार अवैध कॉलोनियों के निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के प्रावधान हैं। अतः जिले में अवैध कॉलोनी निर्माणकर्ताओं एवं कॉलोनाइजरों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक एवं प्रशासनिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।