छतरपुर। जिले के राजगढ़ गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मिट्टी की खुदाई के दौरान सड़क पर पुराना खजाना निकल आने की खबर सोशल मीडिया में आईं। वायरल वीडियो को देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा और सिक्कों को लूटने की होड़ मच गई। बमीठा थाना क्षेत्र के चंद्रनगर चौकी के राजगढ़ गांव के रास्ते को दुरुस्त करने के लिए डाली गई मिट्टी में अचानक पुराने सिक्के चमकने लगे। राहगीरों की नजर पड़ते ही शोर मच गया।
ग्रामीणों का दावा है कि ये सिक्के करीब 500 साल पुराने और सोने के हैं। खजाना मिलने की खबर आग की तरह फैली, जिसके बाद सैकड़ों लोग खुदाई वाली जगह पर मिट्टी छानने पहुँच गए।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन को मामले की जानकारी दे दी गई है। सिक्कों की असलियत और उनकी ऐतिहासिकता की जांच पुरातत्व विभाग द्वारा की जाएगी।