चित्तौड़गढ़। निंबाहेड़ा के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एल. के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर (जे.के. सिंघानिया स्कूल) में शुक्रवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा मिशन के अंतर्गत जागरूकता एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के साथ-साथ बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सजग करना रहा।
पुलिस विभाग की सहभागिता-
थाना कोतवाली निंबाहेड़ा के थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक सूरज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या निधि शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कालिका टीम से कांस्टेबल देवेंद्र कुमार एवं महिला कांस्टेबल स्नेहलता भी मौजूद रहीं।
सड़क सुरक्षा का संदेश-
मुख्य अतिथि सूरज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मार्क हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने एवं नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने की सख्त अपील की।
साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह-
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर आने वाले अज्ञात लिंक एवं संदिग्ध ऐप साइबर ठगी का माध्यम हो सकते हैं, इसलिए सतर्कता आवश्यक है।
शिक्षकों का प्रेरक संदेश-
प्राचार्या निधि शर्मा ने कहा कि यातायात नियम भय के लिए नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। वहीं उपप्राचार्य एच.एम. प्रधान ने मोबाइल फोन के उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय क्षण भर की लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
सामूहिक शपथ-
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक स्वर में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।