देवास। एबी रोड स्थित नितिन लॉज के समीप बनी एक दरगाह पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर देर रात विवाद की स्थिति बन गई। निर्माण की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि संबंधित दरगाह वर्षों से यहां स्थित है, लेकिन पूर्व में इसका स्वरूप सीमित था। आरोप है कि हाल के दिनों में धीरे-धीरे अतिक्रमण करते हुए लगभग 10×10 फीट क्षेत्र पर कब्जा किया गया तथा दरगाह के चारों ओर बाउंड्री, जाली सहित अन्य निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि रोड चौड़ीकरण के दौरान भगवती सराय से भेरुजी मंदिर को पीछे हटाया गया, जबकि इसी मार्ग पर स्थित दरगाह को नहीं हटाया गया। उन्होंने मांग की कि दरगाह पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई की जाए।
विरोध के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और नारेबाजी की। स्थिति की जानकारी मिलते ही नहर दरवाजा थाना प्रभारी मंजू यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं।
थाना प्रभारी मंजू यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवनिर्मित अतिक्रमण को हटवा दिया है। शेष निर्माण की जांच की जा रही है और जांच उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।