खरगोन। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दूसरे चरण में मतदाताओं के नाम काटने, जोड़ने की चल रही प्रक्रिया विवादों में घिरती नजर आ रही है। कांग्रेस ने गुरुवार को जिलेभर में करीब 3500 नाम काटे जाने पर कलेक्टर कार्यालय के सामने हाइवे पर चक्काजाम प्रदर्शन किया।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रवि जोशी, जिलाध्यक्ष रवि नाइक सहित कांग्रेस नेताओं ने धरने मे भाजपा और निर्वाचन आयोग की सांठगांठ का गम्भीर आरोप लगाते हुए दबाव में मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगाए। नेताओ ने कहा जिन लोगो के नाम काटे जा रहे वह कांग्रेस के मतदाता है, ऐसे लोगो के नाम काटकर मतदान को प्रभावित करने का प्रयास हो रहा है। कांग्रेस आमजन के मतदान के मौलिक अधिकार से वंचित नही होने देगी। जिलाध्यक्ष नाइक ने कहा कि फार्म सात में गलत जानकारी देने पर निर्वाचन आयोग के नियमानुसार शिकायत कर्ता पर एफ आई आर दर्ज कर कड़ी कार्यवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने ऐसे सभी मतदाता जिनके नाम पर आपत्ति दर्ज की है उनके वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैंक की पासबुक, बिजली के बिल जैसे दस्तावेजो की फोटो कॉपी प्रशासन को मांगपत्र के साथ सौपी है।
एसडीएम वीरेंद्र कटारे ने बताया दावे- आपत्ति के दौरान जो शिकायते सामने आई है, उनकी जांच की जाकर, सत्यापन किया जाएगा। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।