माउंट आबू। सामुदायिक स्वास्थ्य देखभाल परियोजना के अंतर्गत सीमेंस हेल्थिनियर्स एवं जे. वाटुमुल ग्लोबल हॉस्पिटल एवं अनुसंधान केंद्र, माउंट आबू के संयुक्त तत्वावधान में घूमता-फिरता दवाखाना के सौजन्य से आज राजकीय प्राथमिक विद्यालय, फुटेलफली (भकियोरजी), धमसरा, आबूरोड में निःशुल्क मुखरोग एवं नेत्र रोग जाँच, परामर्श एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्लोबल हॉस्पिटल माउंट आबू के दन्त विशेषज्ञ डॉ. आकाश जैन एवं नेत्र परीक्षक हरीश बिस्वाल की टीम द्वारा स्थानीय 131 मरीजों की स्वास्थ्य जाँच की गई। इस दौरान मुख के अंदर होने वाली विभिन्न बीमारियों-जैसे मसूड़ों की सूजन, दाँतों की सड़न, मुँह के छाले, मौखिक संक्रमण और आँखों के रोग आदि-की निःशुल्क जाँच कर मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं।
साथ ही नेत्र रोगों की जाँच के दौरान मोतियाबिंद से ग्रसित 26 मरीजों का चयन कर उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन हेतु ग्लोबल नेत्र संस्थान, आबूरोड रेफर किया गया।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. अशोक दवे, डॉ. ललित कुमार, डॉ. श्रवण पुरोहित, जे.पी. सिंह, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सोनी गरासिया, पारोराम राणा, जयंती लाल गरासिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहे हैं।