मुरैना। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किशनपुर क्षेत्र में संचालित एक डेयरी पर छापा मारकर नकली दूध बनाने के गंभीर मामले का खुलासा किया है। यह डेयरी अशोक सिंह कुशवाह के मकान में संचालित की जा रही थी।
छापेमारी के दौरान खाद्य विभाग की टीम को दूध में मिलावट के लिए उपयोग किए जा रहे केमिकल और रिफाइंड पाम ऑयल बरामद हुए। मौके से 01 टिन रिफाइंड पाम ऑयल (15 किलोग्राम) 03 टिन आरएम केमिकल (दूध की मात्रा बढ़ाने वाला पदार्थ) जब्त किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डेयरी से दूध, रिफाइंड पाम ऑयल और आरएम केमिकल के तीन सैंपल लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिए हैं। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर डेयरी का खाद्य पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। खाद्य विभाग के अनुसार लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई सुबह 8ः 45 बजे की गई, जिसमें
दल प्रभारी अवनीश गुप्ता, एफएसओ अनिल परिहार सहित खाद्य सुरक्षा विभाग का अमला मौजूद रहा। नकली दूध के माध्यम से लोगों की सेहत से हो रहे खिलवाड़ को लेकर विभाग सतर्क है और अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में और भी बड़े खुलासे संभव हैं।