नीमच। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से नीमच यातायात पुलिस ने आज विशेष सघन अभियान चलाया। यह कार्रवाई मैसी फर्ग्यूसन शोरूम चौराहा एवं लायंस पार्क चौराहा पर की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। तेज आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिलें, नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाना, बिना नंबर प्लेट के वाहन, दोपहिया पर तीन सवारी, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना तथा चारपहिया चालकों द्वारा सीट बेल्ट न लगाने जैसे मामलों में चालान काटे गए।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 70 चालान बनाए। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें और नाबालिगों को वाहन न चलाने दें। विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।