बड़वाह। निर्माणाधीन बड़वाह-धामनोद राजमार्ग (एसएच-36) की चौड़ाई को लेकर क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है। सड़क निर्माण में अत्यधिक भूमि अधिग्रहण किए जाने के विरोध में ग्राम बफलगांव, ग्राम रतनपुर एवं बड़वाह नगर के व्यापारी एवं आम नागरिकों ने बड़वाह विधायक सचिन बिरला से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
रामेश्वर जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क के दोनों ओर लगभग 100-100 फीट भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है, जिससे अनेक घरों और दुकानों के टूटने की स्थिति बन रही है। इससे नागरिकों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
नागरिकों ने विधायक से मांग की कि सड़क के दोनों ओर 100-100 फीट के बजाय 50-50 फीट भूमि का अधिग्रहण किया जाए, ताकि कम से कम नुकसान हो और लोगों का जीवन-यापन प्रभावित न हो।
विधायक सचिन बिरला ने ग्रामीणों एवं नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इस विषय को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष रखेंगे और समस्या के यथोचित समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।