खनियाधाना। नगर के मुख्य बस स्टैंड पर सालों से कायम अव्यवस्था और जाम की स्थिति को देखते हुए आज प्रशासनिक अमले ने मोर्चा संभाला। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए न केवल यातायात को बाधित करने वाले सब्जी और फल के ठेलों को व्यवस्थित कराया, बल्कि सड़क पर सामान फैलाकर व्यापार करने वालों को भी अपनी सीमा में रहने की कड़ी हिदायत दी।
बस स्टैंड क्षेत्र में रोजाना लगने वाले भीषण जाम से राहगीर और वाहन चालक बेहद परेशान थे। मायापुर और ईसागढ़ झांसी शिवपुरी मार्ग होने के कारण यहाँ से भारी वाहनों का निकलना दूभर हो गया था। इसी समस्या को देखते हुए तहसीलदार निशिकांत जैन, सीएमओ आशुतोष त्रिपाठी और थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने टीम के साथ निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जमीन पर बोरे बिछाकर सब्जी बेचने वालों और फल के ठेलों को सही ढंग से लगवाकर रास्ता साफ कराया, ताकि आवागमन सुचारू हो सके।
सबसे कड़ी कार्रवाई उन गुमटियों और लोहे के चद्दर वाले डब्बों (कैबिन) के खिलाफ देखने को मिली जो सालों से सड़क किनारे जमे हुए हैं। प्रशासन ने इन गुमटी संचालकों को 24 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया है। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन अपने स्तर पर उन्हें हटाने की कार्रवाई करेगा और सामान ज़ब्त कर लिया जाएगा।
प्रशासन की इस सक्रियता से बस स्टैंड पर फैले चाट, चाइनीज फूड और अन्य ठेलों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। अब देखना यह है कि 24 घंटे की मोहल्लत के बाद बस स्टैंड पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो पाता है या नहीं।