भोपाल। मध्यप्रदेश में वर्षों से लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को भोपाल के न्यू दशहरा मैदान में संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों का विशाल महासम्मेलन आयोजित हुआ। प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारी बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए।
महासम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने में संविदा कर्मचारियों की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा, “सरकार को संविदा कर्मचारियों की उतनी ही जरूरत है, जितनी श्रीराम को हनुमान की थी।”
यह सम्मेलन संविदा संयुक्त संघर्ष मंच के संयुक्त आवाहन पर आयोजित किया गया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि संविदा कर्मचारियों के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा को लेकर संघर्ष लगातार जारी है और यह महासम्मेलन उस संघर्ष को मजबूती देगा।
सम्मेलन में शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, महिला एवं बाल विकास, आजीविका मिशन, कृषि सहित सभी विभागों के संविदा कर्मचारी शामिल हुए। मंच का दावा है कि इतनी बड़ी एकजुटता से सरकार को संविदा कर्मचारियों के हित में ठोस और सकारात्मक निर्णय लेने होंगे।