शाजापुर। जिले के पोलायकलां पहुंचे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। कांग्रेस कार्यालय पर नगर परिषद अध्यक्ष पवन राजकुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेमनारायण मरेठिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र दीक्षित एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र जेसीबी द्वारा साफा बांधकर उनका अभिनंदन किया गया।
इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए अरुण यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सनातन और हिंदुत्व के नाम पर देश को जातियों में बांटने का काम कर रही है। अपने आप को सनातन का हितैषी बताने वाली सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं और ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य का अपमान किया गया है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है और धर्म व जाति के नाम पर समाज को विभाजित करने का काम किया है, जबकि कांग्रेस ने देश को एकजुट रखने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में महात्मा गांधी के सिद्धांत “अहिंसा परमो धर्म” पर चल रही है।
पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आज देश और प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है, किसानों की हालत दिन-ब-दिन खराब हो रही है और देश का अन्नदाता कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही। वहीं यूजीसी जैसे अहम मुद्दों पर सरकार की चुप्पी पर भी उन्होंने सवाल उठाए।