खनियांधाना। नगर की माँ वैष्णो इंडियन गैस एजेंसी पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एक भव्य गैस सिलेंडर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक लोधी ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को ससम्मान गैस कनेक्शन और सिलेंडर भेंट किए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों की महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया है और उन्हें अब रसोई के धुएं से मुक्ति मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। इसी कड़ी में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी और गैस एजेंसी की संचालिका वैष्णवी भारद्वाज द्वारा पत्रकारों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनका विशेष अभिनंदन किया गया। खनियांधाना वरिष्ठ पत्रकार संघ के अध्यक्ष संतोष शर्मा सहित नगर के अन्य वरिष्ठ पत्रकारों को विधायक द्वारा सम्मानित किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा के समस्त मंडल अध्यक्ष, थाना प्रभारी, किसान प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और पत्रकार गण मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में गैस एजेंसी की संचालिका वैष्णवी भारद्वाज ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।