मंदसौर। मंदसौर सहित पूरे अंचल में इन दिनों ठंड का असर लगातार बना हुआ है। तापमान में रोज़ाना हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते सर्दी ने आमजन की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाकर राहत लेते नजर आ रहे हैं, जबकि सुबह और रात के समय छाए घने कोहरे के कारण सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो रहा है।
गुरुवार रात जिले में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार सुबह पूरा मंदसौर शहर ओस और कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। सुबह के समय तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दृश्यता घटकर मात्र 100 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड का यह असर आगामी कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
घने कोहरे का सीधा असर रेल यातायात पर भी देखने को मिला। कोहरे के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकीं। भगत की कोठी एक्सप्रेस लगभग 30 मिनट की देरी से मंदसौर पहुंची, वहीं इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस भी करीब आधा घंटा विलंब से स्टेशन पहुंची, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना है। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी तथा 1 और 2 फरवरी को बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बारिश से पहले कुछ दिनों तक कोहरे और ठंड का असर बना रहने की संभावना है।