मुरैना। जिले की कैलारस रेंज में वन विभाग द्वारा ताल-तलैया निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टिकटोली क्षेत्र के आसपास वन विभाग द्वारा करीब डेढ़ दर्जन ताल-तलैया बनाई गई हैं, लेकिन उनका निर्माण बेहद सतही और अव्यवहारिक है।
ग्रामीणों के अनुसार इन ताल-तलैयों में चारों ओर से लगभग एक फीट मिट्टी हटाई गई है, जबकि गहराई भी करीब एक फीट ही है। ऐसे में इनमें पानी ठहर पाना मुश्किल है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब पानी ही नहीं रुकेगा, तो वन्य जीवों को पानी उपलब्ध कराने का उद्देश्य कैसे पूरा होगा।
बताया जा रहा है कि यह कार्य टिकटोली बीट में किया गया, जहां बीट प्रभारी के रूप में धर्मेंद्र शाक्य पदस्थ हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा मामला कमीशनखोरी और लापरवाही का परिणाम है, जिसके चलते अधिकारियों द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाए कि कैलारस रेंज में इससे पहले भी अवैध लकड़ी कटाई और वन भूमि पर अतिक्रमण जैसे मामलों को लेकर शिकायतें होती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
अब यह देखना होगा कि मुरैना वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इन आरोपों पर कोई ठोस कार्रवाई करते हैं या फिर जांच के नाम पर यह मामला भी फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा।