नीमच। 30 जनवरी 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि एवं “मद्य निषेध संकल्प दिवस” के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग पराग जैन के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय विभाग और रेडक्रॉस नशामुक्ति केंद्र द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आमजन में जागरूकता फैलाने हेतु मेसी शोरूम चौराहा नीमच पर नशा मुक्ति जागरूकता प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही शहर की बसों और ऑटो रिक्शाओं पर नशा विरोधी स्टीकर लगाए गए और पंपलेट वितरित कर जिले में नशामुक्ति का संदेश पहुँचाने का प्रयास किया गया। आमजनों से संकल्प पत्र/शपथ पत्र भरवाकर नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया।
विद्यालयों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासकीय उत्कृष्ट स्कूल नीमच और गायत्री शक्ति पीठ प्रज्ञा पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के बीच नशामुक्ति विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
जिले की पंचायतों एवं नगरीय निकायों में भी मद्य निषेध संकल्प दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए और संकल्प पत्र/शपथ पत्र भरवाए गए, जिससे पूरे जिले में नशामुक्ति का सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग के जिला समन्वयक विनीत दुबे, डीसी पाटीदार, कैलाश जुनवाल, गुलाब सिंह सोनगरा, नशामुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुनील तिवारी, जीवन तिवारी, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य अनील व्यास, गायत्री शक्ति पीठ प्रज्ञा पब्लिक स्कूल के प्राचार्य गिरीराज सिंह और विद्यालय स्टाफ सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।