प्रतापगढ़। कृषि उपज मंडी समिति के बाहर स्थित गुमटी मालिकों ने न्याय की उम्मीद जगाते हुए राजस्थान हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। गुमटी यूनियन के प्रवक्ता रोहित दीवान ने बताया कि न्यायालय ने गुमटियों को हटाने से रोकते हुए अगले आदेश तक उन्हें यथास्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री गजेंद्र चंडालिया, धरोहर बचाओ समिति के नाहरसिंह सिसौदिया और दिलीप तिवारी ने गुमटी मालिकों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। उन्हें साफा पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और फूल मालाओं से अभिनंदन किया गया तथा मिठाई वितरित की गई।
गजेंद्र चंडालिया ने उपस्थित गुमटी मालिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी हक की लड़ाई में वे सदैव तन-मन-धन से उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायपालिका ने गरीबों के हक में जो निर्णय दिया वह सत्य की जीत है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि मंडी समिति द्वारा अवैध तरीके से व्यावसायिक भूखंडों का आवंटन किए जाने के मामले में डबल बेंच हाई कोर्ट में विचाराधीन है, जिसमें भी सत्य की जीत होगी।