नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शुक्रवार 30 जनवरी को नगर भ्रमण के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टैगोर मार्ग, वार्ड क्रमांक 14 अंतर्गत प्राइवेट बस स्टैंड, उदय विहार, प्रगति नगर, महूदृनीमच रोड सहित अन्य क्षेत्रों का जायजा लिया तथा जल मंदिरों पर लगे टैंकरों के पानी के सैंपल लेकर शुद्धता की जांच करवाई।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वच्छता निरीक्षकों को शहर में कीटनाशक दवा का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्राइवेट बस स्टैंड के समीप मुख्य मार्ग पर दरगाह के सामने सड़क तक किए गए अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने सफाई जनसेवकों को कार्य के दौरान ड्रेस कोड में रहने की हिदायत भी दी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक एवं स्वच्छता निरीक्षक अविनाश घेघट उपस्थित रहे।
बामनिया ने कहा कि शहर में स्वच्छता के साथ नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। इसके लिए पेयजल टंकियों की नियमित सफाई के साथ अब कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर पानी के सैंपल लेकर जांच करवाई जा रही है। साथ ही टैंकरों से वितरित पानी की जांच एवं नालियों से गुजर रहे अवैध नल कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई भी निरंतर जारी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नगर पालिका की कार्रवाई में सहयोग करें तथा अवैध नल कनेक्शनों को वैध करवाकर नल विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचें।