चित्तौड़गढ़। नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर द्वारा आयोजित किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम के अवसर पर एनएफएल डायरेक्ट सेल सेंटर, चित्तौड़गढ़ का विधिवत उद्घाटन किया गया।
एनएफएल के राज्य प्रबंधक (राजस्थान) नितिन राहंगडाले ने केंद्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस सेंटर के माध्यम से किसानों को एनएफएल के बीज, उर्वरक, कीटनाशक एवं अन्य कृषि इनपुट्स उचित मूल्य पर, सही जानकारी के साथ और समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल उत्पादों की बिक्री नहीं है, बल्कि किसानों को सही मार्गदर्शन देना, संतुलित, आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना तथा उनकी आय बढ़ाने में सक्रिय भागीदार बनना है।
कार्यक्रम में एनएफएल के क्षेत्रीय प्रबंधक, जयपुर अमन कुमार एवं जिला प्रभारी, चित्तौड़गढ़ पुष्पक सोनी उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के वैज्ञानिक डॉ. रतन लाल सोलंकी ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा फसलों में जैव उर्वरकों के प्रयोग से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया और नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड की इस पहल की सराहना की।