चित्तौड़गढ़। जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल के निर्देशानुसार चाइल्ड हेल्पलाइन टीम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बोदीयाना में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत बाल विवाह नहीं करने एवं इसके विरुद्ध आवाज उठाने की शपथ दिलाई गई।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह एक सामाजिक अपराध है, जिससे बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास प्रभावित होता है। किसी भी बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है तथा शिकायतकर्ता की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाती है।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, गुड टच-बैड टच, एवं विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक नवीन किशोर काकड़दा, करण जीनवाल, कुसुम मेनारिया, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेखा शेखावत, अध्यापिकाएं साधना शर्मा, पूजा शर्मा, प्रिया तिवारी, शीला कुमारी, भावना सिंह, ध्रुव कौशिक सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।