मंदसौर। जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से मंदसौर पुलिस द्वारा 30 व 31 जनवरी की दरम्यानी रात को व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस रात्रिकालीन सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सफलताएं हाथ लगीं।
एनडीपीएस का फरार आरोपी गिरफ्तार-
थाना सीतामऊ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अपराध क्रमांक 38/26 धारा 8/15 के तहत लंबे समय से फरार आरोपी अनवर पिता हुसैन मंसूरी (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी नाटाराम को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
203 वारंटियों की गिरफ्तारी-
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 203 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 134 स्थायी वारंटी, 65 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में धारा 138, विद्युत अधिनियम एवं अन्य गंभीर प्रकरणों के आरोपी भी शामिल रहे।
194 हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग-
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा 101 निगरानी बदमाशों, 93 गुंडा बदमाशों सहित कुल 194 हिस्ट्रीशीटर एवं आपराधिक तत्वों की सघन जांच की गई।
अवैध शराब पर भी कार्रवाई-
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 26 प्रकरणों में 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 106.84 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार 640 रुपये बताई गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 151 के तहत 4 प्रकरणों में 4 आरोपियों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
जिलेभर के थानों की सहभागिता-
इस अभियान में कोतवाली, वायडी नगर, नई आबादी, भावगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, अफजलपुर, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, मल्हारगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, शामगढ़, गरोठ एवं भानपुरा थानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
450 से अधिक पुलिसकर्मी रहे तैनात-
पूरे अभियान में जिले के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों सहित 46 गश्ती दलों के माध्यम से 450 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।