नीमच। एसडीएम मनासा किरण आंजना के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा टीम ने कुकडेश्वर में कार्रवाई करते हुए 4 फर्मों का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा खाद्य पदार्थों के 6 नमूने जांच हेतु लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार को टीम द्वारा आर मार्ट, कुकडेश्वर का निरीक्षण कर विक्रय हेतु भंडारित घी पैक का नमूना लिया गया। इसी प्रकार माणिक ट्रेडर्स, कुकडेश्वर से केशव घी, अजय दयालसिंह, कुकडेश्वर से घी, जबकि गरिमा सेल्स, कुकडेश्वर से सरस घी, रिलैक्स टोस्ट एवं मस्टर्ड ऑयल के नमूने लिए गए।
सभी नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। निरीक्षण के दौरान परिसरों में कमियां पाए जाने पर संबंधित फर्मों को धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए हैं।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई।