नीमच। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा माह के समापन अवसर पर शनिवार को यातायात पुलिस नीमच द्वारा चोपड़ा चौराहा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले जिम्मेदार चालकों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया, वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को रोककर नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
चालान नहीं, जीवन की सुरक्षा प्राथमिकता- एएसपी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने कहा कि चालान से बचना ही नियमों के पालन का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि स्वयं और अपने परिवार के जीवन की सुरक्षा सर्वाेपरि है। उन्होंने वाहन चालकों को बीमा करवाने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाने तथा अनिवार्य रूप से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सलाह दी।
क्विज प्रतियोगिता में विजेताओं को मिले हेलमेट-
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को हेलमेट एवं बैग भेंट कर सम्मानित किया गया। यातायात पुलिस द्वारा सीट बेल्ट एवं हेलमेट का नियमित उपयोग करने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की विशेष समझाइश भी दी गई। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण सिंह चौहान, यातायात प्रभारी सोनू बड़गूजर सहित यातायात पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।