मंदसौर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत मंदसौर द्वारा “मेरा भारत, मेरा वोट” थीम पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेषकर प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पदयात्रा, मतदाता जागरूकता अभियान, हस्ताक्षर अभियान और मानव श्रृंखला जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया। हस्ताक्षर अभियान में 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रथम मतदाताओं ने मतदान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की, वहीं मानव श्रृंखला के माध्यम से नागरिकों से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की गई।
मुख्य अतिथि लोकेंद्र फिजिकल एकेडमी के कोच लोकेंद्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरज पाटीदार ने की, संचालन यशराज सिंह (सिंगर) द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का समग्र निर्देशन सौरभ श्रीवास्तव ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की भागीदारी से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।