शिवपुरी। जिले के करैरा नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विवाद इतना बढ़ गया कि अस्पताल परिसर में ही लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां और स्ट्रेचर तक फेंकने लगे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत ग्राम रमगढ़ा में खेत पर मशीन चलाने को लेकर हुई थी। गांव में हुए झगड़े के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी और कुल्हाड़ी से मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए करैरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था।
अस्पताल में दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही पुरानी रंजिश फिर भड़क उठी और देखते ही देखते मामला दोबारा हिंसक हो गया। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे, जिससे कई लोग लहूलुहान हो गए और अस्पताल परिसर में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया। पुलिस ने इस मामले में करीब 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।