शाजापुर। शाजापुर जिले के बेरछा थाना क्षेत्र की पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। गोविंद तिलवाद क्षेत्र में विगत दिनों एक युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में समय रहते कार्रवाई न होने से आहत होकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार को मृतक के परिजन एवं साथी न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र सौंपा।
जानकारी के अनुसार, चौकी हिदायतपुर निवासी युवक सतीश अहिरवार गोविंद तिलवाद में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। आरोप है कि वहां कुछ लोगों ने उसे पकड़कर देर रात उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद सतीश अहिरवार शिकायत लेकर बेरछा थाने पहुंचा, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस से निराश और मानसिक रूप से आहत होकर सतीश अहिरवार ने अपने घर चौकी हिदायतपुर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत के बाद परिजनों और उसके साथियों में आक्रोश है। शनिवार को सभी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने बेरछा पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते उनके बेटे की शिकायत पर कार्रवाई की जाती, तो आज वह जीवित होता। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा कौन-सा दबाव था, जिसके चलते पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।