गरोठ। गरोठ क्षेत्र में वन विभाग द्वारा 8-लेन मार्ग के समीप लकड़ी से भरा एक ट्राला पकड़कर कार्रवाई शुरू की गई है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र के कोटड़ाबुजुर्ग, बोलिया सहित आसपास के कई गांवों में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई धड़ल्ले से जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार लकड़हार खुलेआम ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लकड़ी भरकर ले जा रहे हैं, जबकि प्रशासन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रहा है।
सूत्रों के अनुसार लकड़ी को ट्रैक्टरों में भरकर ऊपर से हरी नेट डालकर परिवहन किया जा रहा है ताकि दूर से पहचान न हो सके। प्रशासनिक कार्रवाई के डर से अधिकांश लकड़ी का परिवहन रात के समय किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में अवैध कटाई का नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
एक ओर शासन द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं तथा खेतों की मेढ़ों और जंगलों को हरा-भरा बनाए रखने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में खुलेआम पेड़ों की कटाई और अवैध लकड़ी परिवहन इन प्रयासों पर प्रश्नचिह्न खड़े कर रहा है।
क्षेत्रवासियों ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा हरे-भरे पेड़ों की कटाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके।