चित्तौड़गढ़। विद्या भारती विद्यालयों द्वारा 2 फरवरी को चित्तौड़गढ़ शहर में विराट त्रिवेणी पथ संचलन निकाला जाएगा। श्री विद्या भारती शिक्षण संस्थान, चित्तौड़गढ़ के जिला मंत्री ज्ञान मेहता ने बताया कि इस पथ संचलन में 1000 से अधिक बालक-बालिकाएं भाग लेंगे। तीन अलग-अलग स्थानों से दोपहर 2:00 बजे संचलन प्रारंभ होगा तथा 2:15 बजे सुभाष चौक पर त्रिवेणी संगम के रूप में एकत्रित होकर कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए गणगौर गार्डन में संपन्न होगा। जिला सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि संचलन में बहनें वीरांगनाओं के दिव्य वेश में कदमताल करेंगी, वहीं जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
प्रबंध समिति अध्यक्ष सत्यनारायण टेलर ने जानकारी दी कि गांधीनगर सेक्टर-2 स्थित चमत्कारी हनुमान मंदिर से प्रारंभ होने वाले संचलन के मुख्य अतिथि सुरेश कुमावत, कैलाश चंद्र शर्मा एवं डॉ. धर्मनारायण भारद्वाज रहेंगे। स्काउट-गाइड मैदान से निकलने वाले संचलन के मुख्य अतिथि गुमान सिंह एवं जिला अध्यक्ष ललित प्रकाश शारदा होंगे, जबकि गोरा बादल मैदान से प्रारंभ होने वाले संचलन के मुख्य अतिथि कमल जैन, शैलेंद्र सिंह एवं ज्ञान मेहता रहेंगे।
प्रचार-प्रसार संयोजक डॉ. सुशीला लड्ढा एवं वंदना वजीरानी ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज संचलन दोपहर 2:02 बजे सेक्टर-2 चमत्कारी हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर गांधीनगर सेक्टर-2 गली नंबर-3, पोरवाल डिस्पोजल, रामकुड़ी मंदिर, ओछड़ी दरवाजा, डॉ. अंबेडकर स्मारक, राधा-कृष्ण मिष्ठान एवं बैंक ऑफ बड़ौदा होते हुए सुभाष चौक पहुंचेगा।
महाराणा प्रताप संचलन स्काउट-गाइड मैदान से दोपहर 2:02 बजे प्रारंभ होकर पाडन पोल, लाल मठ, लक्ष्मीनाथजी मंदिर, मिठाई बाजार, गांधी चौक, गढ़िया महादेवजी, गोल प्याऊ, नेहरू बाजार एवं गर्ल्स स्कूल मार्ग से होते हुए सुभाष चौक पहुंचेगा।
झांसी की रानी लक्ष्मीबाई संचलन गोरा बादल मैदान से दोपहर 2:00 बजे प्रारंभ होकर पावटा चौक, दिल्ली दरवाजा, चंदनपुर, ढूंचा बाजार, लोहार मोहल्ला, प्रजापत मार्केट, ऋषभ किराना स्टोर एवं पद्मिनी उद्यान गेट होते हुए सुभाष चौक पहुंचेगा। तीनों संचलनों का संगम सुभाष चौक पर दोपहर 2:15 बजे होगा। डॉ. सुशीला लड्ढा, वंदना वजीरानी एवं लता पंड्या ने नगरवासियों से संचलन के अवलोकन हेतु उपस्थित होकर पुष्पवर्षा के माध्यम से भैया-बहनों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।