शाजापुर। शाजापुर नगर में संत शिरोमणि रविदास जयंती का पर्व बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धोबी चौराहे से एक भव्य चल समारोह निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संपन्न हुआ।
संत रविदास समाज के जिला अध्यक्ष महेश गंगवाल ने बताया कि इस वर्ष संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। उन्होंने कहा कि समाज में सभी महापुरुषों का सम्मान किया जाना चाहिए और सबसे पहले उनके विचारों को अपनाना चाहिए। उन्होंने संत रविदास जी के संदेशकृ“शिक्षित बनो, संघर्ष करो और संगठित रहो”कृको आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जो शिक्षित होगा वही गुणवान बनेगा, वही धनवान और बलवान होगा। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने संत रविदास जी के नक्शे कदम पर चलने की शपथ ली, ताकि उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
चल समारोह में संत रविदास जी की सुसज्जित प्रतिमा को श्रद्धापूर्वक ले जाया गया, जिसके पीछे बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह चल समारोह का स्वागत भी किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न समाजसेवी संगठनों ने सहभागिता करते हुए संत रविदास जी के जीवन, विचारों और संदेशों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन संत रविदास समाज के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। अंत में सभी ने संत रविदास जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।