चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन बैंक की प्रबंध संचालक वंदना वजीरानी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को महिला आर्थिक सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में एक सर्वतोमुखी और दूरदर्शी बजट बताया है।
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वजीरानी ने कहा कि महिलाओं को व्यवसाय और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से घोषित योजना एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से महिलाओं को अपने उत्पाद और सेवाएं बेचने के लिए स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उन्होंने बजट में प्रत्येक जिले में लड़कियों के हॉस्टल निर्माण के प्रस्ताव को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे छात्राओं को सुरक्षित और सस्ती आवास सुविधा मिलेगी और वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। यह कदम महिला शिक्षा और सुरक्षा दोनों को मजबूती देगा।
वजीरानी ने कहा कि बजट में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं। आसान लोन, बचत योजनाएं और छोटे व्यवसायों के लिए फंड की व्यवस्था से महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन पर विशेष जोर दिया है। बजट में बचत योजनाओं में सुधार, क्रेडिट कार्ड और ऋण सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को वित्तीय मुख्यधारा से जोड़ा जा सकेगा।
अर्बन बैंक की एमडी वंदना वजीरानी ने कहा कि यह बजट महिला कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और आत्मनिर्भरता सशक्त होगी।
सुरक्षित हॉस्टल से शिक्षा का बेहतर माहौल बनेगा।
वित्तीय निवेश और ऋण सुविधाओं से छोटे व्यवसायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि इस बजट से महिलाओं को आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक अवसरों में मजबूती मिलने की उम्मीद है। उनके अनुसार, यह बजट महिला वर्ग के लिए एक सकारात्मक और सशक्त भविष्य की ओर बढ़ता कदम माना जा सकता है।