चित्तौड़गढ़। रेलवे द्वारा प्रारंभ किए गए “मेरा टिकट–मेरी शान, विकसित भारत के लिए मेरा योगदान” मिशन का शुभारंभ रविवार को चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को संबोधित करते हुए विधायक आक्या ने कहा कि रेल टिकट केवल यात्रा का अधिकार-पत्र नहीं है, बल्कि यह देश के विकास में नागरिक की भागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि टिकट खरीदने से रेलवे तंत्र सशक्त होता है, रेल सुविधाओं का विस्तार होता है, रेलगाड़ियां अधिक आधुनिक व सुरक्षित बनती हैं तथा रेलवे नेटवर्क और स्टेशनों का कायाकल्प संभव होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे टिकट लेकर यात्रा करें, नियमों का पालन करें और देश के विकास में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में बस्सी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भंवरसिंह खरड़ी बावड़ी, नरेंद्र पोखरना, क्षेत्रीय रेल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक संजय पासी, स्टेशन प्रबंधक सी.एल. मीणा, पेंशनर्स समाज के एन.के. जोशी, कमलेश खटवानी सहित बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
बजट पर प्रतिक्रिया-
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट को आमजन की उम्मीदों को पूरा करने वाला एवं राहत भरा बजट बताया। उन्होंने कहा कि बजट में दैनिक उपयोग की कई वस्तुओं को सस्ता किया गया है, जिससे आम लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और यह बजट भारत को विकास के पथ पर तेज गति से आगे बढ़ाते हुए विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।