चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को निर्णायक गति देने वाला, देश की आर्थिक दिशा तय करने वाला और स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक बजट है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया और इसे भारत की आर्थिक संप्रभुता, स्वदेशी शक्ति और वैश्विक नेतृत्व को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला बताया।
सांसद सीपी जोशी ने कहा कि बजट में टैक्स प्रक्रियाओं का सरलीकरण मध्यम वर्ग के लिए राहतकारी है। स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए विशेष आवंटन और MSME के लिए ₹40,000 करोड़ का निवेश स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करेगा। हर जिले में एक महिला छात्रावास बनाने का निर्णय बालिकाओं की शिक्षा में बाधाओं को दूर करेगा और महिलाओं की समस्या का समाधान करेगा।
उन्होंने बताया कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे रोजगार और मध्यम वर्ग का विकास संभव होगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में गंभीर बीमारियों की दवाइयों पर छूट और सस्ते इलाज के प्रावधान विकसित भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे। कृषि क्षेत्र में AI एग्री टूल्स के जरिए तकनीक का समावेश उत्पादन बढ़ाने में मदद करेगा।
सीपी जोशी ने कहा कि इस बजट में महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, किसान, युवा, श्रमिक और मध्यम वर्ग के उत्थान के साथ-साथ स्वदेशी उद्योग, घरेलू मैन्युफैक्चरिंग और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की सोच को यह बजट जमीन पर साकार करने वाला साबित होगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट भारत को आयात-निर्भरता से बाहर निकालकर उत्पादन, नवाचार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा। MSME, स्टार्टअप्स और ग्रामीण उद्योगों को मजबूती देकर भारतीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में ठोस कदम है।
सीपी जोशी ने आगे कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा विकसित भारत की आधारशिला रखी गई थी और आज यह बजट उसी विजन का सशक्त प्रतिबिंब है। यह बजट देश और प्रदेश दोनों की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा और भारत को उपभोक्ता नहीं बल्कि निर्माता और निर्यातक राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।