उन्हेल। रविवार को रविदास समाज एवं नवयुवक मंडल द्वारा संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती नगर में हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः शुभारंभ स्थल पर पहुंची।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजकुमार जैन, नगर परिषद उपाध्यक्ष अखिलेश उपाध्याय, विकास जायसवाल, सरपंच प्रतिनिधि जीवन मालवीय, पार्षद प्रतिनिधि चंदर चौहान, मयूर जैन, मंडल महामंत्री तेजूलाल जटिया, राधेश्याम कपासिया, रामसिंह कपासिया, रमेश परमार, रूगनाथ परमार, जीवन सोलंकी, निर्भय सिंह, कैलाश सुनरी, रूगनाथ कपासिया सहित कई वरिष्ठजन मंचासीन रहे। समाज एवं नवयुवक मंडल द्वारा अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत व सम्मान किया गया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास जी महाराज ने कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत कर समाज को एकता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। समाज को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए।
अतिथि विकास जायसवाल ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के विचारों को अपनाकर समाज को अपनी अलग पहचान स्थापित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कर्मों से होती है, न कि जाति या धर्म से। “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया गया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष राजकुमार जैन एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष अखिलेश उपाध्याय ने समाज को जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय विधायक सतीश मालवीय एवं सांसद द्वारा रविदास समाज के मांगलिक भवन निर्माण हेतु 10-10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही विधायक निधि से शीघ्र ही बोर खनन कराने की घोषणा भी की गई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में रविदास समाज सहित अन्य समाजों के लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गोवर्धन चौहान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दिलीप कपासिया द्वारा किया गया।