माउंट आबू। देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की आंतरिक सुरक्षा अकादमी का 52वां स्थापना दिवस समारोह दो दिवसीय भव्य आयोजनों के साथ संपन्न हुआ। वर्ष 1975 में स्थापित इस प्रतिष्ठित अकादमी ने आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाया है।
रविवार को आयोजित समापन समारोह में पुलिस महानिरीक्षक एवं आंतरिक सुरक्षा अकादमी के निदेशक दर्शन लाल गोला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अकादमी के अधिकारियों, कार्मिकों, महिलाओं एवं बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के दौरान देश की आधुनिक हथियार प्रदर्शनी, विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, मेले और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देर रात तक चले कार्यक्रमों में अकादमी परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं उपनिदेशक सुधांशु सिंह, उप वनसंरक्षक शुभम जैन, पर्यावरणविद् डॉ. अरुण शर्मा, होटल उद्यमी मुकेश पटेल, स्काउट ऑर्गेनाइजर जितेंद्र सिंह भाटी सहित आंतरिक सुरक्षा अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित यह स्थापना दिवस समारोह प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए एक स्मरणीय और प्रेरणादायक आयोजन बन गया, जिसमें सुरक्षा, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला।