नीमच। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसलों को हुए भारी नुकसान के विरोध में किसानों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। सोमवार को भंवरासा सांदे क्षेत्र में प्रभावित किसानों ने हाइवे जाम कर प्रदर्शन किया। अचानक हुए मौसम परिवर्तन से गेहूं, अफीम सहित अन्य फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है।

प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि लगातार हुई बारिश और ओलावृष्टि से खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा न तो सर्वे कराया गया है और न ही किसी प्रकार की राहत या मुआवजे की घोषणा की गई है। किसानों ने मांग की है कि तत्काल नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए।

हाइवे जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

प्रशासन द्वारा किसानों को आश्वासन दिया गया कि फसल नुकसान का सर्वे शीघ्र कराया जाएगा और नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी। इसके बाद स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
