चित्तौड़गढ़। मैराथन धावक पृथ्वीराज खटीक ने रविवार को इन्दौर में आयोजित मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर अपनी 50वीं मैराथन का महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी आयु वर्ग श्रेणी के 250 प्रतिभागियों के बीच 9वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
पृथ्वीराज खटीक ने बताया कि यह मैराथन इन्दौर के नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ हुई, जिसमें देशभर से धावकों ने भाग लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने मैराथन की हाफ सेंच्यूरी पूरी कर ली है और अब वे अपनी 51वीं मैराथन की तैयारी में जुट गए हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व जनवरी माह में उन्होंने मुंबई मैराथन (42 किमी) में भाग लेकर अपनी 49वीं मैराथन पूरी की थी। इसके अलावा वे भोपाल, जयपुर और उदयपुर सहित विभिन्न शहरों में आयोजित मैराथन प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
पृथ्वीराज खटीक ने कहा कि संभवतः वे जिले ही नहीं, बल्कि संभाग के पहले ऐसे धावक हैं जिन्होंने लगातार 12 वर्षों तक मैराथन दौड़ते हुए 50 मैराथन पूरी की हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में दौड़ की शुरुआत की थी और वर्ष 2013 से नियमित रूप से मैराथन प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
मैराथन के अलावा पृथ्वीराज ने विभिन्न उत्सवों, राष्ट्रीय पर्वों, जन्म जयंती आयोजनों, फोर्ट मैराथन तथा सांवलियाजी तक की विशेष दौड़ में भाग लेकर भी अपनी खेल प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया है।
उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।