शाजापुर। जिले के खोरिया एमा निवासी चिंतामणि, आंगनवाड़ी सहायिका को पद से हटाए जाने के विरोध में जयस संगठन के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी राजेश्वरी माता मंदिर से जुलूस निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां आंगनवाड़ी सहायिका को पुनः पद पर नियुक्त करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
जयस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि चिंतामणि को बिना ठोस कारण के पद से हटाया गया है, जो अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आंगनवाड़ी सहायिका को तत्काल पुनः नियुक्त किया जाए।
प्रदर्शनकारी करीब एक घंटे से अधिक समय तक कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे और कलेक्टर से प्रत्यक्ष मुलाकात कर अपनी मांग रखने की जिद पर अड़े रहे।
धरने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और कलेक्टर से मुलाकात को लेकर बातचीत चल रही थी।