नीमच। नीमच जिले के ग्राम चंगेरा की होनहार बेटी पूजा प्रजापत ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के प्रतिष्ठित रिपब्लिक डे कैम्प में सहभागिता कर न केवल नीमच जिले बल्कि पूरे मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।
पूजा प्रजापत का इस राष्ट्रीय शिविर के लिए चयन एक असाधारण उपलब्धि रहा। उन्होंने लगभग चार माह तक कठोर अनुशासन, अथक परिश्रम और निरंतर अभ्यास के माध्यम से स्वयं को तैयार किया। इसके बाद वे चयन की कई कठिन चरणों की प्रक्रिया से सफलतापूर्वक गुजरते हुए मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट की गार्ड ऑफ ऑनर टीम का हिस्सा बनीं।
दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर से आए हजारों कैडेट्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। पूजा प्रजापत ने अपनी उत्कृष्ट ड्रिल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर ऑल इंडिया गार्ड ऑफ ऑनर टीम में स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध किया कि प्रतिभा और समर्पण किसी भी मंच पर पहचान बना सकता है।
रिपब्लिक डे कैम्प के दौरान पूजा को देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष गार्ड ऑफ ऑनर में सहभागिता करने का गौरव प्राप्त हुआ। इस अवसर पर महामहिम उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी एवं डीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल विरेंद्र वत्स की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस उपलब्धि पर 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “पूजा प्रजापत की यह सफलता केवल एक कैडेट की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे मंदसौर-नीमच अंचल और प्रदेश की बेटियों की सामर्थ्य का प्रतीक है। पूजा ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो गाँव की मिट्टी से भी देशभक्ति की खुशबू दिल्ली तक पहुँच सकती है।”
पूजा प्रजापत की यह उपलब्धि आज हजारों युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सपने चाहे छोटे गाँव में देखे जाएँ, लेकिन यदि मेहनत सच्ची हो, तो पहचान पूरे देश में बनती है।