नीमच। जिला प्रशासन एवं नीमच नगर पालिका द्वारा किलेश्वर मंदिर रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे लगी करीब 20 से 22 अवैध गुमटियों को हटाया गया। इन गुमटियों को लेकर लंबे समय से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद नगर पालिका ने यह कार्रवाई की।
बताया गया कि उक्त क्षेत्र में एक विद्यालय भी संचालित है, जबकि बड़ी संख्या में अवैध गुमटियों के कारण सड़क पर अव्यवस्था बनी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
इसी क्रम में पीजी कॉलेज के पास स्थित गुमटी संचालकों को भी नगर पालिका द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।