चित्तौड़गढ़। स्वच्छता सर्वेक्षण-2025 को दृष्टिगत रखते हुए जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, नगर परिषद प्रशासक कैलाश चंद्र गुर्जर, भू-आवंटन अधिकारी अंशुल आमेरिया, नगर परिषद आयुक्त कृष्ण गोपाल माली, सहायक अभियंता सतीश, राजस्व अधिकारी कमलेन्द्र प्रताप सिंह एवं मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शहर की वर्तमान स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा स्वच्छता सर्वेक्षण-2025 की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, कचरा संग्रहण प्रणाली, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, नालियों की नियमित सफाई तथा जनभागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों पर विशेष जोर दिया गया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध रूप से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता सर्वेक्षण-2025 में चित्तौड़गढ़ जिले की बेहतर रैंकिंग सुनिश्चित की जा सके।