नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में किसानों के साथ मजबूती से खड़ा है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में राजस्व एवं कृषि विभाग के अमले द्वारा हाल ही में हुई ओलावृष्टि एवं बारिश से फसलों को हुए नुकसान के आकलन हेतु सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
अपर कलेक्टर बीएस कलेश ने बताया कि नीमच जिले में सोमवार सुबह से ही राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमें ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों में पहुंचकर किसानों के खेतों में फसल नुकसान का सर्वे कर रही हैं।
एसडीएम मनासा किरण आंजना ने सोमवार को ग्राम तुमड़ा, रूपावास, आंकली एवं सोजावास में टीम के साथ किसानों के खेतों का भ्रमण कर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। वहीं एसडीएम जावद प्रीति संघवी ने जावद क्षेत्र के ग्राम मांडा का भ्रमण कर फसल नुकसान की स्थिति का अवलोकन किया।
नीमच एवं जीरन तहसील के पटवारियों तथा कृषि एवं राजस्व अमले द्वारा लाछ बमोरा सहित आसपास के अन्य गांवों में भी ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे किया गया। कृषि एवं राजस्व विभाग की टीमें ओला प्रभावित सभी गांवों में तत्परता के साथ खेतों में पहुंचकर फसल नुकसान का सर्वे कार्य कर रही हैं।
प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया है कि सर्वे पूर्ण होने के पश्चात नियमानुसार शीघ्र ही राहत एवं मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।