नीमच। नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने जिले में हुई ओलावृष्टि/अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों के त्वरित सर्वेक्षण एवं किसानों को मुआवजा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र लिखकर मांग की है कि प्राकृतिक आपदा (ओलावृष्टि/अतिवृष्टि) के कारण किसानों की रबी फसलों को भारी क्षति पहुंची है, जिससे अफीम, गेंहूं, चना, सरसों एवं अन्य रबी फसलें व्यापक रूप से प्रभावित हुई है। कई ग्रामों में फसलें पूर्णतः नश्ट होने की स्थिति में है, जिससे कृशकों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसी परिस्थिति में यह आवश्यक है कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व विभाग के माध्यम से त्वरित एवं वास्तविक क्षति का सर्वेक्षण कराया जाकर शासन की नियमानुसार आपदा राहत मद से शीघ्र मुआवजा राशि स्वीकृत की जाए, ताकि पीडित किसानों को समय पर राहत मिल सके। साथ वित्त मंत्री एवं कृषि मंत्री से आग्रह कर, फोन पर चर्चा कर जिले में हुई प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न स्थितियों से अवगत कराया जिस पर उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
विधायक परिहार ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित ग्रामों एवं क्षेत्रों में विशेश सर्वे कराकर पात्र किसानो को शीघ्र मुआवजा प्रदान करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान करें।