नीमच। नीमच विधानसभा के भाजपा विधायक दिलीप परिहार ने केंद्रीय बजट को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट स्पष्ट करता है कि विकसित भारत-2047 केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की ठोस नीति, मजबूत इच्छाशक्ति और जमीनी कार्ययोजना का परिणाम है। यह बजट दूरदर्शी, समावेशी और परिणामोन्मुख है, जो देश के हर वर्ग को सशक्त करने की दिशा में तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह बजट गांव, गरीब, किसान और महिलाओं समेत समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी है। यह बजट देश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। बजट का मुख्य फोकस युवा और महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर है। मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक, ग्रामीण भारत से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक, कृषि और पशुपालन से लेकर उद्योग, पर्यटन, खेल और तीर्थाटन तककृयह बजट देश के हर गांव, कस्बे और शहर के नागरिकों के लिए अवसरों का नया द्वार खोलता है। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। पशु चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने, वेटरनरी सेवाओं और प्रशिक्षण केंद्रों के विस्तार, डेयरी एवं पोल्ट्री क्षेत्र के लिए क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी तथा 500 सरोवरों के विकास के माध्यम से मत्स्य पालन को प्रोत्साहन जैसे फैसले ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। इससे किसानों के साथ-साथ पशुपालकों और मछुआरों की आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत आधारशिला है। यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने इस बजट को समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी बताया। यह बजट विशेष रूप से ग्रामीण भारत, गरीबों, किसानों और महिलाओं को समर्पित है। ‘विकसित भारत स्कीम’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने की योजना एक सराहनीय कदम है। बजट में सिर्फ सामाजिक कल्याण ही नहीं, बल्कि आर्थिक प्रगति के हर पहलू पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा, इस बजट में उद्योग जगत को राहत देने और उनके विस्तार की रूपरेखा तैयार की गई है, जिससे भारत में रोजगार के नए आयाम स्थापित होंगे। बजट में हाई-स्पीड ट्रेनों के विकास और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सुगम मार्ग तैयार करने जैसी भविष्य की योजनाओं का भी जिक्र है। उन्होंने निष्कर्ष में कहा, कुल मिलाकर यह सम्पूर्ण विकसित भारत का बजट है, जो देश के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करेगा।