चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र चित्तौड़गढ़ की विभिन्न ग्राम पंचायतों में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान की शीघ्र गिरदावरी कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
विधायक आक्या ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को भेजे पत्र में बताया कि 1 फरवरी की सायंकाल विधानसभा क्षेत्र चित्तौड़गढ़ की ग्राम पंचायत विजयपुर, अमरपुरा, उदपुरा, घटियावली, गिलुंड सहित आसपास के क्षेत्रों में अचानक हुई ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी अफीम व गेहूं की फसलों के साथ-साथ काटकर रखी गई सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि फसलों के खराब होने से किसानों की उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचा है तथा वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। विधायक आक्या ने सरकार से आग्रह किया है कि ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान का शीघ्र सर्वे कर गिरदावरी कराई जाए तथा प्रभावित किसानों को त्वरित और पर्याप्त मुआवजा प्रदान किया जाए, जिससे किसान अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।