जावद। विधानसभा क्षेत्र जावद में रविवार को हुई बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। कई क्षेत्रों में पकी फसलें जमीन पर गिर गईं, जबकि अनेक स्थानों पर खेतों में फसल सड़ने की स्थिति बन गई है।
जावद जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण ने बताया कि इन गंभीर हालातों के बीच मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने सोमवार को ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों का दौरा कर किसानों के खेतों में पहुंचकर फसल नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लिया। विधायक सखलेचा ने प्रभावित किसानों से संवाद कर फसलों की वास्तविक स्थिति को समझा। किसानों ने उन्हें बताया कि बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलें गिर गई हैं, जिससे उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता भी प्रभावित हुई है।
खेतों में किसानों का दर्द सुना, दिया भरोसा-
खेतों में पहुंचकर किसानों की पीड़ा को समझते हुए विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि “किसान हमारा अन्नदाता है। उनकी मेहनत पर पानी फिरते देख मन व्यथित है। संकट की इस घड़ी में सरकार और मैं किसानों के साथ खड़े हैं।” उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
पटवारी-आरआई को मौके पर बुलाया, सर्वे में लापरवाही नहीं चलेगी
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक सखलेचा ने मौके पर ही पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक को बुलाकर तत्काल फसल नुकसान सर्वे प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए, प्रत्येक पात्र किसान का नाम सूची में शामिल हो तथा मुआवजे के प्रकरण शीघ्र तैयार कर आगे भेजे जाएं। विधायक ने स्पष्ट किया कि सर्वे में किसी भी प्रकार की देरी या भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर से चर्चा, मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री से मुलाकात की तैयारी-
विधायक सखलेचा ने बताया कि बड़े पैमाने पर हुए नुकसान की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा दी गई है। उन्होंने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा से चर्चा कर शीघ्र सर्वे एवं अधिकतम सहायता राशि स्वीकृत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री से मिलकर जावद क्षेत्र के प्रभावित किसानों को अधिकतम राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।