नीमच। एक परिसर एक शाला अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल छायन में 27 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक करियर मार्गदर्शन सप्ताह का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा छात्र-छात्राओं को करियर के विविध क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थियों को अपने भविष्य को लेकर सही दिशा मिल सकी।
कार्यक्रम के अंतिम दिवस मुख्य वक्ता एवं अतिथि के रूप में ग्राम छायन के पटेल साहब मनोहर सिंह सिसोदिया उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उचित समय पर सही अवसर की पहचान कर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन से ही करियर के विभिन्न अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
विद्यालय की प्राचार्य कुसुम व्यास ने विद्यार्थियों को करियर की विभिन्न अवधारणाओं को सरल शब्दों में समझाते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण उमराव सिंह बोराना, अनिल गोड, स्मिता व्यास पुरोहित, उमा शर्मा, अर्जुन राठौर, जितेन्द्र सिंह बोराना, श्कालूराम नायक एवं ज्योतिबाला रामावत सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन इंद्र सिंह शक्तावत ने किया, जबकि नोडल शिक्षक लोकेश कुमार शर्मा ने आभार व्यक्त किया।